मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को रांची में आयोजित झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में सजा पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सजा पुनरीक्षण से जुड़े मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी मामलों में कानूनी प्रावधानों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की तथ्यात्मक और मानवीय आधार पर समीक्षा सुनिश्चित की जाए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी और जवाबदेही के साथ पूरी की जाएं।
बैठक में गृह विभाग, कारा प्रशासन एवं अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।


