
रांची। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
समारोह में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा, विधायक कल्पना सोरेन समेत राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
14 प्लाटून ने किया परेड का प्रदर्शन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में पुलिस परेड मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। समारोह के दौरान कुल 14 प्लाटून के जवानों ने परेड प्रस्तुत की। जवानों ने अनुशासन और देशभक्ति के साथ परेड करते हुए उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस बार समारोह की खास बात ओडिशा पुलिस की एक प्लाटून की भागीदारी रही। ओडिशा पुलिस के जवानों ने भी परेड में हिस्सा लिया।
मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। तिरंगा फहराए जाने के बाद पूरे मैदान में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। समारोह में मौजूद लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के इस खास अवसर पर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।


