
रांची। राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल सनराइज रेसीडेन्सी में कथित रूप से अवैध देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। यह कार्रवाई 13 अगस्त 2026 की रात सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची को होटल में अवैध गतिविधि संचालित होने की लगातार सूचना मिल रही थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों और सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल मैनेजर समेत तीन पुरुष और पांच महिलाओं को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में होटल के माध्यम से कथित तौर पर अवैध देह व्यापार संचालित कराए जाने की जानकारी सामने आई।
9 मोबाइल और ₹8,700 नकद बरामद
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 9 मोबाइल फोन, ₹8,700 नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने की जानकारी दी है।
मामले में कोतवाली थाना कांड संख्या 176/2026, दिनांक 14 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 292/61(2)/3(5) तथा अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, 1956 की धारा 3/4/5/7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मैनेजर समेत इन लोगों की गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में होटल सनराइज रेसीडेन्सी के मैनेजर उज्ज्वल मंडल (करीब 30 वर्ष) के अलावा शुभम मंडल, सुनील कुमार नायक, अमित कुमार, ईशानी मंडल उर्फ बिलकीस खातून, संगीता साहा, नदिता पाईक, प्रियंका दास और आँचल कुमारी बेहरा शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पते झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों से संबंधित हैं।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी दल में सहायक पुलिस अधीक्षक, कोतवाली, कार्यपालक दंडाधिकारी सदर रांची, कोतवाली थाना के पुलिस पदाधिकारी, महिला थाना प्रभारी समेत पुलिस बल शामिल था।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। होटल मालिक और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस ने कही है।


