रांची। कांके के होचर स्थित पिनाकल क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड में सोमवार को ‘रांची चैंपियंस ट्रॉफी’ का भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का आयोजन होचर स्पोर्टिंग क्लब की ओर से किया जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत टूर्नामेंट का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि खेल सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं है। खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण और स्थानीय खिलाड़ियों को अगर बेहतर मंच और सही अवसर मिले तो वे अपनी प्रतिभा को निखारकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन कर सकते हैं।
सुदेश महतो ने टूर्नामेंट के आयोजन के लिए होचर स्पोर्टिंग क्लब की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के खेल आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ समाज में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।
आयोजन में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में आयोजन समिति के संयोजक मुकेश कुमार महतो, अध्यक्ष रवि लोहरा, मैनेजर एम.डी. वसीम अंसारी, उपाध्यक्ष सह संयोजक आनंद कुमार महतो, उपाध्यक्ष अरुण महतो, सचिव रितीक राज, दीपक राम, आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, प्रवक्ता सूरज कुमार मिश्रा, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन लाल शहदेव सहित कई पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।


