रांची :- राजधानी रांची के हरमू स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में बुधवार को रांची जिला कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रांची जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य संजय महतो ने की। इसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य रूप से शामिल हुए। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं को जिम्मेदारी देने और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने पर चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि मजबूत संगठन, समर्पित कार्यकर्ता और स्पष्ट लक्ष्य ही जनता की उम्मीदों को पूरा करने का आधार हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन से लेकर अलग राज्य के निर्माण तक आजसू पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पार्टी अब झारखंड के भविष्य और खासकर युवाओं के बेहतर भविष्य को लेकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, महिला, युवा और छात्रों सहित समाज के सभी वर्गों तक विकास का लाभ पहुंचाना पार्टी का उद्देश्य है।
सभी प्रखंडों में होगा संगठन का पुनर्गठन
बैठक की जानकारी देते हुए केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने बताया कि रांची जिले के सभी प्रखंडों में पार्टी संगठन का पुनर्गठन किया जाएगा। इसके लिए इसी महीने अलग-अलग प्रखंड सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इन सम्मेलनों में मुख्य संगठन के साथ छात्र आजसू, युवा आजसू और महिला आजसू के भी कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में नई पीढ़ी के युवाओं को अधिक अवसर और जिम्मेदारी देने पर विशेष जोर रहेगा। इस प्रक्रिया के लिए वरिष्ठ पदाधिकारियों को प्रखंड प्रभारी भी बनाया गया है।
स्थानीय समस्याओं को लेकर सरकार को घेरेगी आजसू
बैठक में रांची जिले के विभिन्न प्रखंडों की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रखंड और अंचल कार्यालयों में भ्रष्टाचार की शिकायतों, अफसरशाही और रांची नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आजसू पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रखंड से पंचायत स्तर तक जनसमस्याओं को उठाएगी। पार्टी नेताओं ने कहा कि झारखंड की अस्मिता, अधिकार, विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज किया जाएगा।
ट्रैफिक चालान के मुद्दे पर राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान रांची में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के नाम पर बड़े पैमाने पर चालान काटे जाने का मुद्दा भी उठा। पार्टी नेताओं का कहना था कि उस दौरान शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने के कारण आम लोगों को परेशानी हुई। ऐसे में प्रशासन को पहले यातायात व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
आगामी दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए पार्टी ने इस मामले में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मिलने का निर्णय लिया है। आजसू पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराएगा।
बैठक में केंद्रीय मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर और हसन अंसारी, केंद्रीय महासचिव राजेंद्र मेहता एवं पार्वती देवी, जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, उपाध्यक्ष वीणा देवी, कार्यकारी अध्यक्ष हाकिम अंसारी समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


