लखनऊ:- उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अपने अगले कदम को लेकर तस्वीर साफ कर दी है। उन्होंने मंगलवार को वीडियो संदेश के जरिए राजनीति में आने का ऐलान किया।
दिव्या मित्तल 2013 बैच की IAS अधिकारी रही हैं और करीब 13 वर्षों तक प्रशासनिक सेवा में रहीं। उन्होंने अगस्त 2026 में IAS से स्वैच्छिक इस्तीफा दिया था।
अपने ताजा वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वह राजनीति में आएंगी, लेकिन किसी स्थापित राजनीतिक दल के साथ नहीं जुड़ेंगी। उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपनी कर्मभूमि बताते हुए यहीं से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने की बात कही है।
दिव्या मित्तल ने लोगों से सीधे जुड़ने और उनकी समस्याओं को समझने की अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया और WhatsApp के माध्यम से लोगों को अपने साथ जुड़ने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि राजनीति का उद्देश्य आम लोगों की आवाज को सामने लाना और व्यवस्था में बदलाव के लिए काम करना होना चाहिए।
IAS से इस्तीफा देने के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर चर्चा थी। उन्होंने पहले संकेत दिया था कि उनके सामने परिवार को समय देने, विदेश लौटने, कोचिंग, किताब लिखने या राजनीति में आने जैसे कई विकल्प थे। अब उन्होंने राजनीति में जाने का रास्ता चुना है।


