रांची में सड़क सुरक्षा अभियान का दूसरा दिन, 13 स्थानों पर 1,211 लोगों को किया गया जागरूक

Date:

रांची:- सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और शहर में सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रांची यातायात पुलिस की ओर से चलाए जा रहे 7 दिवसीय सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता अभियान के दूसरे दिन मंगलवार को “सीट बेल्ट लगाएं, सुरक्षित रहें” अभियान चलाया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में शहर और रिंग रोड के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर वाहन चालकों, अभिभावकों और स्कूली छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

अभियान के तहत जाकिर हुसैन पार्क, शालीमार बाजार, रांची रेलवे स्टेशन, बिग बाजार, करमटोली चौक, आईटीआई बस स्टैंड, कटहल मोड़, पिस्का मोड़, विशप स्कूल डोरंडा, रेडियम चौक, माउंट कार्मेल स्कूल ओरमांझी और खेलगांव चौक समेत कुल 13 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

करमटोली चौक पर अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा

करमटोली चौक पर पुलिस अधीक्षक यातायात, रांची और पुलिस उपाधीक्षक प्रथम, यातायात रांची स्वयं मौजूद रहे। अधिकारियों ने वाहन चालकों और आम लोगों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।

अभियान के दौरान चार पहिया वाहन चलाते या उसमें सफर करते समय सीट बेल्ट लगाने, दोपहिया वाहन चलाते अथवा पीछे बैठते समय हेलमेट पहनने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और तेज गति से वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।

इसके अलावा निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को वाहन में नहीं बैठाने, नाबालिगों को वाहन नहीं चलाने देने तथा सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई।

1,211 लोगों को किया गया जागरूक

रांची यातायात पुलिस के अनुसार, अभियान के दूसरे दिन कुल 13 स्थानों पर लगभग 1,211 लोगों एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और अभिभावकों से अपील की है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार, बच्चों, परिचितों एवं रिश्तेदारों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने से दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी और शहर में यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनी रहेगी। इसके साथ ही रांची यातायात पुलिस ने आम लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular News

More like this
Related