रांची। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) का तीसरा दीक्षांत समारोह 26 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर 16 अलग-अलग कमेटियां बनाई गई हैं।
दीक्षांत समारोह में यूजी, पीजी, बीएड और पीएचडी के करीब 2500 से 3000 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की जाएगी। वहीं, विभिन्न पाठ्यक्रमों के टॉपर और मेधावी विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। इस बार करंट बैच के विद्यार्थियों को भी डिग्री और मेडल दिए जाएंगे।
एमए के 2023-25 और 2024-25 सत्र तथा यूजी के 2022-25 सत्र के टॉपर विद्यार्थियों को मेडल से सम्मानित किया जाएगा। डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय की ओर से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। अब तक करीब 2000 विद्यार्थियों के आवेदन मिल चुके हैं।
दीक्षांत समारोह को भारतीय परंपरा और संस्कृति के अनुरूप आयोजित किया जाएगा। इसके लिए विशेष ड्रेस कोड तय किया गया है। छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा और छात्राओं को सफेद साड़ी या सलवार-सूट के साथ दुपट्टा पहनकर समारोह में शामिल होना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन का लक्ष्य है कि दीक्षांत समारोह गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। इसके लिए गठित सभी कमेटियां आयोजन से जुड़े अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।


