चतरा/केरेडारी: टंडवा और केरेडारी थाना क्षेत्र की सीमा पर अवैध बालू उठाव और परिवहन का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों और ग्रामीणों के अनुसार, बिंगलात और पंचड़ा नदी क्षेत्र से रोजाना दर्जनों ट्रैक्टरों से बालू की ढुलाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि बालू का उठाव टंडवा थाना क्षेत्र में आने वाली बिंगलात नदी से किया जाता है। इसके बाद ट्रैक्टरों के जरिए केरेडारी थाना क्षेत्र के पंचड़ा-सिजुआ गांव के रास्ते बालू को दूसरे इलाकों में ले जाया जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि थाना क्षेत्रों की सीमा का फायदा उठाकर बालू का कारोबार किया जा रहा है। उनका कहना है कि लगातार हो रही बालू ढुलाई के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कारोबारियों के हौसले बढ़े हुए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है। वहीं, इस पूरे मामले में संबंधित विभाग और पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।


