बालूमाथ (लातेहार): लातेहार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के लिए काम कर रहे थे और बालूमाथ-बारियातू क्षेत्र में ठेकेदारों से लेवी वसूलने की तैयारी में थे।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मकरैयाटांड़ पिकेट के पास वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना नंबर की लाल रंग की अपाची बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। भागने की कोशिश के बाद पुलिस ने दोनों को घेरकर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजय सिंह उर्फ डिम्पु उर्फ भीम सिंह और शहजाद अंसारी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक मैगजीन, तीन जिंदा कारतूस, दो स्मार्ट मोबाइल फोन और बिना नंबर की चोरी की अपाची बाइक बरामद की।
पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर बताया कि वे पीएलएफआई कमांडर बादल जी के निर्देश पर ठेकेदारों से लेवी वसूलने और इलाके में दहशत फैलाने पहुंचे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
बालूमाथ में बड़ी पुलिस कार्रवाई, लेवी वसूली की साजिश नाकाम, दो अपराधी गिरफ्तार
Date:

