
रांची। जेपीएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच की मांग को लेकर विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों और पुलिस के बीच हुई झड़प के मामले में रांची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने करीब 100 नामजद और 500 अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों पर सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट, पथराव तथा अभद्र व्यवहार करने के आरोप हैं। पुलिस का कहना है कि पथराव की घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
वहीं, 8 अगस्त को ABVP झारखंड की ओर से निकाले गए मार्च को लेकर लालपुर थाना में भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की और पुलिस के काम में बाधा डाली।
इसके अलावा, सोमवार को मुख्यमंत्री आवास घेराव के दौरान हिरासत में लिए गए भाजपा के करीब 102 नेताओं और कार्यकर्ताओं को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


