डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (डीएसपीएमयू), राँची के अखड़ा में शुक्रवार को करम पूर्व संध्या समारोह की तैयारियों को लेकर पहली बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसीएस यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से 19 सितंबर 2026 को करम पूर्व संध्या समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम में पारंपरिक खोरहा गीत-नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रकृति पूजन मुख्य आकर्षण होंगे।
बैठक में कार्यक्रम स्थल की सजावट, जरूरी सुविधाओं, सुरक्षा और अनुशासन को लेकर भी चर्चा हुई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए विशेष समिति बनाने का फैसला लिया गया। साथ ही अतिथियों को आमंत्रित करने और कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
एसीएस यूनिट के अध्यक्ष विवेक तिर्की ने कहा कि करम सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने सभी सदस्यों से आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने की अपील की।
बैठक में आदिवासी छात्र संघ, डीएसपीएमयू के पदाधिकारियों समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और सदस्य मौजूद रहे।


