रांची :- जयपाल सिंह स्टेडियम में पिछले 25 दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन बुधवार, 19 अगस्त को समाप्त हो गया। आंदोलन के समापन के बाद राज्यभर से रांची पहुंचे छात्रों ने देर शाम ‘आभार यात्रा’ निकाली।
यात्रा मेन रोड होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंची। यहां छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समर्थन में नारे लगाए। ढोल-नगाड़ों की थाप और आतिशबाजी के बीच छात्रों ने जमकर जश्न मनाया। कई जगहों पर छात्रों का फूलों की पंखुड़ियों से स्वागत भी किया गया।
आभार यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए। युवाओं ने ढोल-नगाड़ों पर नाचते हुए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशी जताई। हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर छात्र ‘धन्यवाद मुख्यमंत्री’ के नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
छात्रों का कहना है कि सरकार की ओर से युवाओं और छात्रों के हित में लिए गए फैसलों के बाद उन्होंने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। इसी के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताने के उद्देश्य से यह यात्रा निकाली गई।
यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। देर शाम तक अल्बर्ट एक्का चौक और आसपास का इलाका छात्रों के नारों, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंजता रहा।


