रांची:- झारखंड छात्र अधिकार मोर्चा ने रांची विश्वविद्यालय के बी.एड. (B.Ed.) पाठ्यक्रम में कंप्यूटर साइंस को पेडागोजी यानी मेथड पेपर के रूप में शामिल करने की मांग की है। इस संबंध में मोर्चा के महासचिव राकेश रौशन के नेतृत्व में विद्यार्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने राजकीय शिक्षक प्रशिक्षक महाविद्यालय (GTTC), कांके के प्राचार्य डॉ. रमन कुमार झा के माध्यम से रांची विश्वविद्यालय के अध्यक्ष छात्र कल्याण (DSW) को ज्ञापन सौंपा।
आईटी पृष्ठभूमि के विद्यार्थियों को हो रही परेशानी
झारखंड छात्र अधिकार मोर्चा के महासचिव राकेश रौशन ने कहा कि GTTC, कांके में बीएससी सीए (B.Sc. CA), बीसीए (BCA), बीएससी आईटी (B.Sc. IT) और एमसीए (MCA) जैसी आईटी पृष्ठभूमि से आने वाले कई विद्यार्थी बी.एड. की पढ़ाई कर रहे हैं। लेकिन रांची विश्वविद्यालय के बी.एड. पाठ्यक्रम में कंप्यूटर साइंस को मेथड पेपर के रूप में चुनने का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को गणित या अन्य विषय चुनना पड़ता है।
उन्होंने मांग की कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर साइंस को स्वतंत्र मेथड विषय के रूप में शामिल किया जाए।
## डिजिटल शिक्षा के बढ़ते महत्व का दिया हवाला
मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020) के तहत स्कूलों में डिजिटल शिक्षा और तकनीकी ज्ञान का महत्व बढ़ रहा है। ऐसे में बी.एड. पाठ्यक्रम में कंप्यूटर साइंस को मेथड पेपर के रूप में शामिल करने से आईटी पृष्ठभूमि वाले विद्यार्थियों को अपने विषय के अनुरूप शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिल सकता है।
ज्ञापन में विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग, कोल्हान विश्वविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय के अंतर्गत रांची विमेंस कॉलेज का उदाहरण देते हुए दावा किया गया कि वहां बी.एड. में कंप्यूटर साइंस को मेथड विषय के रूप में पढ़ाने की व्यवस्था है।
प्राचार्य ने ज्ञापन अग्रसारित करने का दिया आश्वासन
विद्यार्थियों के अनुसार, प्राचार्य डॉ. रमन कुमार झा ने उनकी मांग पर सकारात्मक कार्रवाई के लिए ज्ञापन रांची विश्वविद्यालय प्रशासन को अग्रसारित करने का आश्वासन दिया। अब विद्यार्थियों की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्णय पर है।
## ये विद्यार्थी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान मार्विन टोप्पो, अमन कुमार पांडेय, अनुज कुमार, अर्पण उरांव, आशीष कुजूर, विश्वजीत कुमार, आर्यन कुमार, समीर इग्नाटियस लकड़ा, अतसोम मुंडा, अमित रंजन और प्रिंस गुप्ता मौजूद रहे। सभी विद्यार्थी राजकीय शिक्षक प्रशिक्षक महाविद्यालय, रांची के सत्र 2026–2028 से संबंधित हैं।


