
रांची। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार, 9 अगस्त को मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में महिला वर्ग का मैत्री हॉकी मैच आयोजित किया गया।
हॉकी झारखंड के द्वारा आयोजित इस मुकाबले में मोरहाबादी एकादश और बरियातू एकादश की टीमें आमने-सामने थीं। मैच बेहद रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित खेल के दौरान दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 गोल से बराबरी की।
इसके बाद मुकाबले का फैसला ट्राइब्रेकर से हुआ, जिसमें मोरहाबादी एकादश ने 3-2 से जीत दर्ज की। मैच के बाद सभी खिलाड़ियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी गई।
कार्यक्रम में हॉकी झारखंड के महानिदेशक विजय शंकर सिंह, महासचिव मनोज कोनबेगी, हॉकी कोच करुणा पूर्ति, राष्ट्रीय अंपायर मनोज प्रधान, हॉकी रांची के कोषाध्यक्ष प्रमोद केरकेट्टा, हॉकी कोच विकास पंत, दिव्या डुंगडुंग और राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जोसेफ टोपनो समेत कई लोग मौजूद रहे।
विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित इस मुकाबले ने खेल, संस्कृति और महिला खिलाड़ियों के उत्साह को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया।


