रांची:- नामकुम थाना क्षेत्र में मसाज के बहाने एक व्यक्ति को घर बुलाकर उसके साथ मारपीट, लूटपाट और ब्लैकमेलिंग कर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मामला नामकुम थाना कांड संख्या 264/26, दिनांक 25 सितंबर 2026 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रांची कोतवाली निवासी मोहम्मद नसीम ने नामकुम थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें मसाज के नाम पर एक घर में बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट कर लूटपाट की गई और बाद में वीडियो के माध्यम से ब्लैकमेल करते हुए रंगदारी की मांग की गई।
शिकायत के बाद रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-प्रथम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सानिया प्रवीण (24 वर्ष), पति मोहम्मद हैदर, निवासी मौलाना आजाद कॉलोनी गली नंबर-8, नामकुम, मोहम्मद हैदर (25 वर्ष), पिता मोहम्मद सकील, और मोहम्मद वसीम उर्फ छोटू (29 वर्ष), पिता नसीम, निवासी मौलाना आजाद कॉलोनी गली नंबर-12, नामकुम के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से एक गिरोह बनाकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों का तरीका यह था कि मोबाइल के माध्यम से लोगों से संपर्क कर उन्हें एक घर पर बुलाया जाता था। वहां पहले से मौजूद सहयोगियों द्वारा पीड़ित के साथ मारपीट की जाती थी और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर बाद में उसे ब्लैकमेल करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, वीडियो के आधार पर पीड़ितों से रंगदारी की मांग की जाती थी।
मोहम्मद नसीम के मामले में पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने उनके पास मौजूद 46 हजार रुपये और गले में पहनी सोने की चेन ले ली तथा वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते हुए पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है।
दो मोबाइल फोन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि दोनों मोबाइल का इस्तेमाल रंगदारी मांगने के लिए किया गया था। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
छापेमारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी
कार्रवाई में वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-प्रथम अमर कुमार पांडेय, नामकुम थाना के नि. सह थाना प्रभारी रामनारायण सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक शशि रंजन, जयदेव कुमार सराक, सहायक अवर निरीक्षक उज्जवल कुमार सिंह, तारकेश्वर प्रसाद केशरी सहित नामकुम थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।


