
पलामू: जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सफाया’ के तहत पलामू पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक लोडेड देसी कट्टा और चोरी की बाइक बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के साहद गांव में कुछ युवकों के जमा होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस को देखकर दो युवक मौके से फरार हो गए, जबकि राहुल कुमार भुईयाँ और प्रिंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
छापेमारी के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक पैशन प्रो बाइक बरामद हुई। जांच में पता चला कि यह बाइक डालटनगंज से चोरी की गई थी। पूछताछ और मोबाइल की जांच के दौरान हथियार के साथ आरोपियों की तस्वीरें मिलीं। इसके बाद उनकी निशानदेही पर एक लोडेड देसी कट्टा भी बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पलामू पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


