
रांची: JPSC, JSSC, CGL परीक्षा, पेपर लीक और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर जयपाल सिंह मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। शनिवार को केंद्रीय सरना समिति ने आंदोलनकारी छात्रों के बीच पहुंचकर उन्हें भरपेट भोजन कराया और उनकी मांगों का समर्थन किया।
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने कहा कि परीक्षा से जुड़े मामलों की CBI जांच कराई जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में समिति उनके साथ खड़ी है।
बबलू मुंडा ने यह भी कहा कि छात्रों की ओर से घोषित झारखंड विधानसभा घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए केंद्रीय सरना समिति और विभिन्न आदिवासी संगठन अपना समर्थन देंगे।
वहीं, समिति के प्रधान महासचिव अशोक मुंडा ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कई वर्गों के लोग विभिन्न समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने छात्रों की मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
इस दौरान मुख्य पाहन जगलाल पाहन समेत केंद्रीय सरना समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। समिति ने स्पष्ट किया कि छात्रों की मांगों को लेकर उनका समर्थन आगे भी जारी रहेगा।


