रांची। वर्ष 2022 में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की कनीय अभियंता (डिप्लोमा) परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में SIT को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने परीक्षा संचालन एजेंसी के वांछित संचालक सह निदेशक अरुण कुमार को मुंबई से गिरफ्तार किया है।
JSSC ने 3 जुलाई 2022 को कनीय अभियंता के 1,279 पदों के लिए परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा शुरू होने से पहले ही उत्तरमाला वायरल होने और पेपर लीक होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी।
मामले में नामकुम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर SIT का गठन किया गया था। जांच में पेपर लीक की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, परीक्षा का संचालन दिल्ली की Bynsis Technology Pvt. Ltd. एजेंसी द्वारा किया गया था और पेपर लीक सिंडिकेट के जरिए पटना में अभ्यर्थियों को प्रश्न-उत्तर रटवाए जाने के साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान परीक्षा संचालन एजेंसी और उसके संचालक की संलिप्तता के भी साक्ष्य सामने आए। मामले में इससे पहले कई आरोपियों और एजेंसी के एक सीनियर मैनेजर को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।
SIT ने अरुण कुमार को मुंबई से गिरफ्तार कर 10 अगस्त 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


